लखनऊ। श्री श्याम ज्योत मंडल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय 43वां श्याम निशानोत्सव आगामी 20 फरवरी से ऐशबाग के तिलकनगर स्थित महाराजा अग्रसेन पार्क में श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में प्रारंभ होगा। उत्सव की तैयारियों के क्रम में मंडल सदस्यों एवं दरबार के रचनाकारों ने बाबा श्याम के भव्य दरबार के लिए विधिवत भूमि पूजन कर आधारशिला रखी। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच सम्पन्न हुए इस कार्यक्रम में उपस्थित भक्तजनों ने खाटू नरेश से प्रार्थना की कि उत्सव निर्विघ्न, शांतिपूर्ण और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो।
Advertisment
भूमि पूजन के उपरांत दरबार निर्माण कार्य प्रारंभ करने की घोषणा की गई। इस वर्ष दरबार को विशेष आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। गिनीज बुक रिकॉर्ड होल्डर असीम मात्या तथा कानपुर के श्री बाजोरिया जी के सहयोग से खाटू नरेश की दिव्य छवि साकार की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। टेंट एवं साज-सज्जा का कार्य राम कृष्ण टेंट द्वारा किया जाएगा, जिससे पूरे परिसर को भव्य और आध्यात्मिक रूप प्रदान किया जाएगा।
मंडल के मीडिया प्रभारी अनुपम मित्तल ने बताया कि उत्सव के पहले दो दिन देश के प्रसिद्ध भजन गायक श्याम प्रभु की महिमा का गुणगान करेंगे। “जमघट म्हारो श्याम का” थीम पर आधारित इस आयोजन में लखनऊ सहित आसपास के जिलों से हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। 20 और 21 फरवरी को जयपुर के कुमार नरेंद्र, संजय पारीक, नवीन शर्मा एवं रोहित शर्मा, रांची की पूजा पारीक, कोलकाता के लव अग्रवाल, संजय शर्मा एवं अरविंद सहल तथा कानपुर के कुमार मुकेश अपने सुमधुर भजनों से भक्तों को भावविभोर करेंगे।
22 फरवरी को सतरंगी ध्वजा शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा तिलकनगर से प्रारंभ होकर रामनगर, शास्त्रीनगर, रकाबगंज, पांडेगंज, रानीगंज, सराय फाटक, फतेहगंज, श्रीराम रोड, कैसरबाग और परिवर्तन चौक होते हुए बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर तक पहुंचेगी। शोभायात्रा में सजीव झांकियां, भजन मंडलियां और भक्तों की टोलियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
इसके उपरांत 23 फरवरी को श्रद्धालु श्याम ध्वजा लेकर बसों द्वारा खाटू धाम के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां वे अपने आराध्य के चरणों में निशान अर्पित करेंगे। भूमि पूजन कार्यक्रम में श्रवण अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, सुरेश कंछल, अनिल अग्रवाल, बनवारी लाल कंछल, राजेंद्र अग्रवाल, सचिन कंछल, योगेंद्र, मोहित, अंजुल, विवेक सहित मंडल के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर भक्ति उत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया है।
सनातन धर्म, जिसका न कोई आदि है और न ही अंत है, ऐसे मे वैदिक ज्ञान के अतुल्य भंडार को जन-जन पहुंचाने के लिए धन बल व जन बल की आवश्यकता होती है, चूंकि हम किसी प्रकार के कॉरपोरेट व सरकार के दबाव या सहयोग से मुक्त हैं, ऐसे में आवश्यक है कि आप सब के छोटे-छोटे सहयोग के जरिये हम इस साहसी व पुनीत कार्य को मूर्त रूप दे सकें।
सनातन जन डॉट कॉम में आर्थिक सहयोग करके सनातन धर्म के प्रसार में सहयोग करें।