Advertisement
Home Uttar Pradesh News Ayodhya यूपी भाजपा में भीतरघात का अलार्म!

यूपी भाजपा में भीतरघात का अलार्म!

0
382

योगी को कमजोर किया तो 2027 ही नहीं, केंद्र की सत्ता भी डगमगा सकती है

नई दिल्ली, 21 जनवरी(एजेंसियां)। भाजपा को उत्तर प्रदेश में नया प्रदेश अध्यक्ष मिल चुका है, लेकिन संगठन के भीतर की हलचल यह संकेत दे रही है कि तस्वीर जितनी बाहर से शांत दिख रही है, भीतर उतनी ही जटिल और तनावपूर्ण है। सत्ता और संगठन के बीच संतुलन साधने में भाजपा हमेशा दक्ष मानी जाती रही है, परंतु उत्तर प्रदेश जैसे राजनीतिक रूप से निर्णायक राज्य में यह संतुलन लगातार परीक्षा से गुजर रहा है। सूत्रों की मानें तो प्रदेश भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा और भीतरघात की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता। दरअसल, भाजपा के भीतर एक ऐसी लाबी आज भी सक्रिय बताई जा रही है, जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पूरी तरह स्वीकार नहीं कर पाई है। यह वही वर्ग है जो कभी योगी को “ब्राह्मण विरोधी” बताने की कोशिश करता है, तो कभी भूमि अधिग्रहण, प्रशासनिक सख्ती और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर धीमे लेकिन लगातार स्वर उठाता रहता है। सार्वजनिक मंचों पर भले ही एकजुटता का संदेश दिया जाता हो, लेकिन संगठन के भीतर की चर्चाएं कुछ और ही कहानी बयां करती हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि योगी आदित्यनाथ भाजपा के उस मॉडल का प्रतिनिधित्व करते हैं, जहां शासन और संगठन दोनों में स्पष्टता, सख्ती और वैचारिक दृढ़ता दिखाई देती है। यही कारण है कि पार्टी के भीतर का एक वर्ग उन्हें असहज करने वाला नेता मानता है। एक वरिष्ठ भाजपा नेता के शब्दों में, “योगी जी समझौतों की राजनीति में विश्वास नहीं करते, और यही बात कुछ लोगों को खटकती है।” यह कथन भले ही नाम लेकर न दिया गया हो, लेकिन इसके निहितार्थ बहुत गहरे हैं।

Advertisment

सूत्र बताते हैं कि भाजपा का एक धड़ा लंबे समय से यह प्रतीक्षा कर रहा है कि योगी आदित्यनाथ को किसी तरह केंद्र की राजनीति में भेजा जाए, ताकि प्रदेश की सत्ता समीकरणों में बदलाव हो सके। इसके पीछे तर्क यह दिया जाता है कि योगी का “सख्त लहजा” और “एकछत्र निर्णय शैली” कई नेताओं और समूहों के निजी हितों के आड़े आ रही है। एक संगठन पदाधिकारी के अनुसार, “कुछ लोगों की राजनीति तभी चलती है जब प्रशासन ढीला हो, लेकिन योगी मॉडल में इसकी गुंजाइश कम है।”

हालांकि, जमीनी सच्चाई इससे अलग नजर आती है। आज की तारीख में योगी आदित्यनाथ भाजपा संगठन की वह कड़ी बन चुके हैं, जो हिंदुत्व के एजेंडे पर जीत की गारंटी के रूप में देखी जाती है। अयोध्या, काशी और मथुरा जैसे मुद्दों से लेकर कानून-व्यवस्था, अवैध कब्जों पर कार्रवाई और अपराधियों के खिलाफ कठोर रुख तक, योगी ने एक स्पष्ट संदेश दिया है कि सत्ता केवल शासन के लिए नहीं, बल्कि वैचारिक लक्ष्य की पूर्ति का माध्यम भी है। यही कारण है कि भाजपा का कोर वोटर, विशेषकर हिंदुत्व समर्थक वर्ग, योगी को एक निर्णायक नेता के रूप में देखता है। सूत्र यह भी संकेत दे रहे हैं कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले योगी आदित्यनाथ को हटाने या कमजोर करने की कोशिश की गई, तो इसका असर केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाला चुनाव भाजपा के लिए कठिन हो सकता है और इसकी आंच केंद्र सरकार तक भी पहुंच सकती है। एक राजनीतिक रणनीतिकार के अनुसार, “उत्तर प्रदेश भाजपा की रीढ़ है। यहां कोई भी बड़ा प्रयोग पूरे देश की राजनीति को प्रभावित करता है।” यह कथन इस बात की ओर इशारा करता है कि योगी को लेकर किसी भी तरह का असंतुलन भाजपा के लिए भारी पड़ सकता है।

गौर करने वाली बात यह भी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने जिस तरह से हिंदुत्व और विकास के संतुलन को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया है, उसी धारा का विस्तार योगी आदित्यनाथ के रूप में उत्तर प्रदेश में दिखाई देता है। यही वजह है कि हिंदुत्व का एक बड़ा वर्ग अब योगी को केवल प्रदेश का मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि राष्ट्रीय नेता के रूप में स्वीकार करने लगा है। एक संत नेता का कहना है, “योगी जी ने हिंदुत्व को प्रशासन से जोड़कर दिखाया है, यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।”

संघ और भाजपा नेतृत्व के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है कि वह इस बदलते राजनीतिक संकेत को सही समय पर पहचाने। यदि नेतृत्व ने इस वास्तविकता को नजरअंदाज किया और आंतरिक लाबियों के दबाव में गलत निर्णय लिया, तो इसके नकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं। इतिहास गवाह है कि जब भी भाजपा ने अपने मजबूत चेहरों को कमजोर करने की कोशिश की है, पार्टी को उसका खामियाजा भुगतना पड़ा है।

आज आवश्यकता इस बात की है कि शीर्ष नेतृत्व निजी लाभों, गुटबाजी और तात्कालिक समीकरणों से ऊपर उठकर दीर्घकालिक वैचारिक लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करे। हिंदुत्व का एजेंडा केवल नारेबाजी से नहीं, बल्कि मजबूत नेतृत्व और स्पष्ट शासन से आगे बढ़ता है। योगी आदित्यनाथ इस कसौटी पर खरे उतरते दिखाई देते हैं। एक वरिष्ठ कार्यकर्ता के शब्दों में, “योगी जी को कमजोर करना दरअसल उस विचारधारा को कमजोर करना होगा, जिसके बल पर भाजपा सत्ता में आई है।” उत्तर प्रदेश भाजपा के लिए केवल एक राज्य नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रयोगशाला है। यहां लिया गया हर फैसला राष्ट्रीय राजनीति की दिशा तय करता है। ऐसे में योगी आदित्यनाथ को लेकर किसी भी तरह की जल्दबाजी या अंदरूनी राजनीति भाजपा के लिए कांटों भरी डगर साबित हो सकती है। समय की मांग यही है कि नेतृत्व चेते, संकेतों को समझे और हिंदुत्व के उस एजेंडे को मजबूती दे, जिसे आज योगी आदित्यनाथ सबसे प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रहे हैं।

सनातन धर्म, जिसका न कोई आदि है और न ही अंत है, ऐसे मे वैदिक ज्ञान के अतुल्य भंडार को जन-जन पहुंचाने के लिए धन बल व जन बल की आवश्यकता होती है, चूंकि हम किसी प्रकार के कॉरपोरेट व सरकार के दबाव या सहयोग से मुक्त हैं, ऐसे में आवश्यक है कि आप सब के छोटे-छोटे सहयोग के जरिये हम इस साहसी व पुनीत कार्य को मूर्त रूप दे सकें। सनातन जन डॉट कॉम में आर्थिक सहयोग करके सनातन धर्म के प्रसार में सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here