सनातनजन संवाददाता, लखनऊ। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने टेढ़ी पुलिया से गुडंबा थाना तक सर्विस लेन के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। लंबे समय से सर्विस लेन न होने के कारण इस मार्ग पर अतिक्रमण बढ़ गया था, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
शिलान्यास अवसर पर उत्तर मंडल-5 के मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी ने विधायक डॉ. नीरज बोरा के साथ पूजा-अर्चना कर फावड़ा चलाकर कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी ने कहा कि विधायक डॉ. नीरज बोरा के सहयोग से उत्तर मंडल-5 क्षेत्र में विकास कार्यों की लगातार श्रृंखला चल रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि कहीं कोई विकास कार्य लंबित हो तो उसे उनके संज्ञान में लाया जाए, ताकि विधायक के सहयोग से शीघ्र समाधान कराया जा सके।
इस अवसर पर अशोक वर्मा, पूनम राय, राकेश पांडेय सहित अनेक स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। यह जानकारी मीडिया प्रभारी ओम प्रकाश तिवारी ने दी।










