दुधमुंही बच्ची व दस वर्षीय बालिका के साथ दुराचार से दहली राजधानी!

0
207
rape

दुधमुंही बच्ची व दस वर्षीय बालिका के साथ दुराचार से दहली राजधानी!

योगिराज में दुराचार का कीर्तिमान बना रही यूपी-रामगोविंद चौधरी

Advertisment

मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ। पीलीभीत में 12 वर्ष के बच्ची के साथ वीभत्स दुष्कर्म के बाद हत्या को 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि राजधानी के सआदतगंज इलाके में छह महीने की दुधमुंही और 10 साल की मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म की वारदात हुई। वारदात के बाद दुधमुंही बच्ची की हालत काफी खराब है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बढ़ते जनाक्रोश के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने दोनों ही वारदात के आरोपियों को दबोच लिया है।

प्रभारी निरीक्षक सआदतगंज बृजेश कुमार यादव के मुताबिक मूलरूप से पटना का रहने वाला परिवार सआदतगंज इलाके के अंबरगंज में किराए पर रहता है। वह चूड़ी का कारोबार करता है। रविवार रात को परिवार की 6 महीने की बच्ची की मां खाना बना रही थी। इसी बीच बच्ची के रोने की आवाज आई। परिजनों का आरोप है कि बच्ची का रोना सुनकर पड़ोस में रहने वाला सनी कुमार पहुंचा। बच्ची को चुप कराने के बहाने से गोद में लिया। उसके साथ खेलने लगा। बच्ची को खिलाते हुए अपने घर लेकर चला गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची की रोने की आवाज सुनकर घर वाले भी पहुंचे तो मासूम को छोड़कर सनी भाग गया। इस पर लोगों ने सनी को दौड़ाकर पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। बच्ची की हालत गंभीर देख पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

‘दुष्कर्म और पाक्सो का मुकदमा दर्ज किया गया है’
दूसरा मामला 12 नवंबर का है, बीबीगंज में 10 साल की बच्ची घर के बाहर सुबह खेल रही थी। इस बीच पड़ोस में रहने वाला शमशाद बच्ची को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। बच्ची को अपने घर ले जाकर छेड़छाड़ करने लगा। बच्ची के विरोध पर उसे पीटा। दुष्कर्म किया और बच्ची को धमकाते हुए भाग निकला। बदहवास मासूम अपने घर पहुंची और परिजनों को वारदात के बारे में जानकारी दी। बच्ची के घर वालों ने थाने पहुंचकर आरोपित के खिलाफ तहरीर दी। घटना से बच्ची के घर वालों में आक्रोश है। प्रभारी निरीक्षक सआदतगंज ब्रजेश कुमार यादव के मुताबिक सनी और शमशाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ  दुष्कर्म और पाक्सो का मुकदमा दर्ज किया गया है।

इस संदर्भ में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा कि बच्चियों पर अपराध में शिरमौर यूपी लगातार कीर्तिमान बना रहा है। प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और रक्षामंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकार की पीठ थपथपा रहे हैं।यूपी में बच्चियां सुरक्षित नहीं रह गयीं हैं। मां-बाप दहशत में हैं।दुधमुंही बच्चियां भी नहीं बच पा रही हैं।सचिवालय से लेकर घर तक महिलाओं की आबरू खतरे में पड़ गयी है।इस सरकार का इकबाल समाप्त हो गया है।राज्यपाल महोदय अभी तक केंद्र सरकार को यूपी का वीभत्स चेहरा क्यों नहीं दिखा रहीं हैं। जब प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी तो तत्कालीन राज्यपाल रामनाईक हर दिन केंद्र को चिट्ठी लिखते थे। समाजवादी पार्टी के विधायकों और नेताओं का प्रतिनिधि मंडल राज्यपाल से भेंट कर राज्य की हकीकत से अवगत करायेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here