Advertisement
Home Lifestyle “ममता की अवहेलना जनता ने नहीं की माफ—भाजपा की जीत”

“ममता की अवहेलना जनता ने नहीं की माफ—भाजपा की जीत”

0
47

लखनऊ। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की बड़ी जीत को लेकर उत्तर प्रदेश भाजपा नेता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे सुशासन और मजबूत संगठनात्मक रणनीति का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह जनादेश देश की राजनीति में भाजपा के बढ़ते भरोसे और विपक्ष की घटती विश्वसनीयता का संकेत है। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश—

प्रश्न 1: बंगाल समेत तीन राज्यों में भाजपा की जीत को आप किस तरह से देखते हैं?
उत्तर: मैं इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में स्थापित सुशासन, विकास और समृद्धि के दौर की जीत मानता हूं। जनता ने भाजपा पर फिर से भरोसा जताया है। यह जीत केवल चुनावी सफलता नहीं है, बल्कि यह जनता की उम्मीदों और विश्वास की जीत है। बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत ने यह सिद्ध कर दिया कि देश की जनता अब निर्णायक राजनीति चाहती है। बंगाल की इस जीत से भाजपा के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को अत्यंत सुख की अनुभूति हुई होगी। उन्होंने जिस विचारधारा और राष्ट्रवाद के लिए संघर्ष किया, आज उसका परिणाम बंगाल की जनता ने दिखा दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने उत्तर प्रदेश में जो सुशासन मॉडल प्रस्तुत किया है, उसका प्रभाव अब दूसरे राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। जनता योगी मॉडल को पसंद कर रही है।

Advertisment

प्रश्न 2: बंगाल चुनाव में हिंदुत्व, सुरक्षा और घुसपैठ के मुद्दे कितने निर्णायक रहे?
उत्तर: बंगाल चुनाव में राष्ट्रवाद का मुद्दा सबसे ज्यादा प्रभावी रहा। सुरक्षा, घुसपैठ और हिंदुत्व जैसे विषय भी जुड़े रहे, लेकिन असली सवाल बंगाल की पहचान और राष्ट्रहित का था। वहां की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जिस तरह संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों की अवहेलना की, लोकतांत्रिक संस्थाओं का अपमान किया और शासन में अराजकता को बढ़ावा दिया, जनता उसे लगातार देख रही थी। बंगाल की जनता ने यह तय कर लिया था कि राज्य में व्यवस्था, सुरक्षा और विकास चाहिए। इसलिए राष्ट्रवाद की भावना ने चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाई और परिणाम भाजपा के पक्ष में आया।
प्रश्न 3: 2027 के उत्तर प्रदेश चुनाव पर बंगाल की जीत का क्या संदेश होगा?
उत्तर: देखिए, अलग-अलग राज्यों की परिस्थितियां अलग होती हैं, लेकिन संदेश स्पष्ट है कि जनता विकास और सुशासन के साथ खड़ी है। उत्तर प्रदेश में योगी जी के नेतृत्व में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, माफिया पर कार्रवाई हुई है और विकास कार्यों को नई गति मिली है। उत्तर प्रदेश आज प्रगति के पथ पर तेजी से अग्रसर है। बंगाल की जीत से यह भी संदेश गया है कि भाजपा के खिलाफ फैलाए गए झूठे प्रचार को जनता अब स्वीकार नहीं कर रही। 2017 और 2022 की तरह 2027 में भी भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी, इसमें कतई कोई संदेह नहीं है। जनता ने तय कर लिया है कि उसे मजबूत नेतृत्व और स्थिर सरकार चाहिए।
प्रश्न 4: क्या इस जीत से यूपी के विपक्षी दलों का मनोबल टूटेगा?
उत्तर: निश्चित रूप से विपक्ष का मनोबल कमजोर होगा, क्योंकि जनता अब उनके असली चेहरे को पहचान चुकी है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जिस तरह ‘दीदी-दीदी’ कहकर ममता बनर्जी का समर्थन कर रहे थे, वह जनता ने देखा। बंगाल में जिस तरह की अराजकता और हिंसा की खबरें आती थीं, उससे यूपी की जनता भी नाराज थी। उत्तर प्रदेश की जनता समझ चुकी है कि समाजवादी पार्टी अगर दोबारा सत्ता में आती है तो प्रदेश फिर से जंगलराज की ओर लौट जाएगा। जनता अब डर और अपराध के पुराने दौर में वापस नहीं जाना चाहती। इसलिए विपक्ष का मनोबल टूटना स्वाभाविक है।
प्रश्न 5: यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव की भाजपा की क्या तैयारी है?
उत्तर: भाजपा ने उत्तर प्रदेश में अपने संगठन को पूरी तरह मजबूत और सक्रिय कर रखा है। हमारा कार्यकर्ता स्तर तक का नेटवर्क तैयार है। पार्टी और सरकार दोनों जनता के बीच लगातार संवाद कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता और नेता सरकार का रिपोर्ट कार्ड लेकर गांव-गांव, गली-गली, बूथ-बूथ जनता के बीच जा रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों को मिला है, इसलिए जनता का भरोसा भाजपा पर और भी मजबूत हुआ है। हम विकास, कानून व्यवस्था, निवेश, रोजगार और जनकल्याण की राजनीति को आगे बढ़ाकर 2027 में एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे। जनता भाजपा को फिर से मौका देने के लिए तैयार है।

सनातन धर्म, जिसका न कोई आदि है और न ही अंत है, ऐसे मे वैदिक ज्ञान के अतुल्य भंडार को जन-जन पहुंचाने के लिए धन बल व जन बल की आवश्यकता होती है, चूंकि हम किसी प्रकार के कॉरपोरेट व सरकार के दबाव या सहयोग से मुक्त हैं, ऐसे में आवश्यक है कि आप सब के छोटे-छोटे सहयोग के जरिये हम इस साहसी व पुनीत कार्य को मूर्त रूप दे सकें। सनातन जन डॉट कॉम में आर्थिक सहयोग करके सनातन धर्म के प्रसार में सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here