863 अरब डॉलर के पार पहुंचा आंकड़ा
सेवा क्षेत्र, इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के निर्यात में उल्लेखनीय बढ़ोतरी
नई दिल्ली। भारत के निर्यात क्षेत्र ने पिछले 12 वर्षों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है। देश का कुल निर्यात वर्ष 2013-14 के लगभग 468 अरब डॉलर से बढ़कर 2025-26 में 863 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।
राजस्थान के जयपुर में आयोजित निर्यातकों की एक कार्यशाला को संबोधित करते हुए वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के संयुक्त सचिव साकेत कुमार ने कहा कि इस अवधि में भारत के कुल निर्यात में लगभग 5.7 प्रतिशत की औसत वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि सरकार की निर्यात प्रोत्साहन नीतियों, वैश्विक बाजारों में बढ़ती पहुंच और भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है।
उन्होंने कहा कि सेवा क्षेत्र का प्रदर्शन सबसे अधिक प्रभावशाली रहा, जहां निर्यात में 9 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा हाल के वर्षों में इंजीनियरिंग उत्पादों और इलेक्ट्रॉनिक सामान के निर्यात में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है, जिससे भारत की वैश्विक व्यापारिक स्थिति लगातार मजबूत हो रही है।
संयुक्त सचिव ने निर्यातकों से गुणवत्ता, नवाचार और नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर विशेष ध्यान देने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार निर्यात बढ़ाने और भारतीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।










