Advertisement
Home Local News बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ बैठीं शाइना एनसी

बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ बैठीं शाइना एनसी

0
69

संजय राउत ने शिवसेना नेताओं को पीटने का दिया आदेश!

मुंबई। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। किताब में वीर सावरकर और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर की गई टिप्पणियों के विरोध में शिवसेना की ओर से किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने खुद पार्टी को असहज स्थिति में डाल दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवसेना नेता शाइना एनसी ने किताब के साथ शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर भी फाड़ दी। गलती का अहसास होने पर उन्हें टोका गया तो वह झेंप गईं।

इस घटना को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बालासाहेब ठाकरे के अपमान का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि जहां भी ये लोग दिखाई दें, इनकी पिटाई करो। राउत के इस बयान ने पहले से चल रहे राजनीतिक विवाद को और गरमा दिया है।

Advertisment

दरअसल, शिवसेना सोनिया गांधी की किताब में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता को लेकर की गई टिप्पणियों से नाराज है। पार्टी का आरोप है कि किताब में सावरकर के ऐतिहासिक योगदान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है और मराठी अस्मिता का अपमान किया गया है। इसी विरोध में किताब पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी उठाई जा रही है।

सावरकर पर टिप्पणी बनी विवाद की मुख्य वजह

किताब के पेज नंबर 201 पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विनायक दामोदर सावरकर को लेकर टिप्पणी की गई है। इसमें इंदिरा गांधी की संघ की राजनीति के प्रति नाराजगी का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि जब कांग्रेस के नेता अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे और जेल जा रहे थे, उस समय सावरकर अंग्रेजों के सामने दया याचिकाएं लिख रहे थे।

किताब में संघ के कुछ सदस्यों पर अंग्रेज अधिकारियों के लिए मुखबिरी करने का आरोप भी लगाया गया है। साथ ही संघ की विचारधारा को लेकर दावा किया गया है कि वह कांग्रेस और उसकी विचारधारा को हिंदू राष्ट्र के निर्माण की राह में बाधा मानता था।

इसी तरह पेज नंबर 443 पर सावरकर को हिंदुत्व विचारधारा का जनक बताते हुए उनके विचारों को हिंदू वर्चस्ववादी नजरिये से जोड़ने का उल्लेख है। किताब में आरोप लगाया गया है कि संघ परिवार और भाजपा इसी विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं।

शिवसेना का कहना है कि सावरकर को लेकर इस तरह की टिप्पणियां ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने और उनकी छवि खराब करने का प्रयास हैं।

YSR कांग्रेस और बीआरएस ने भी उठाए सवाल

सोनिया गांधी की किताब को लेकर विवाद केवल महाराष्ट्र तक सीमित नहीं है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की राजनीति से जुड़े दलों ने भी किताब की सामग्री पर आपत्ति जताई है।

वाईएसआर कांग्रेस के सांसद मड्डिला गुरुमूर्ति ने सवाल उठाया है कि किताब में आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी के योगदान को पर्याप्त जगह क्यों नहीं दी गई। उनका कहना है कि राजशेखर रेड्डी ने पदयात्रा के माध्यम से आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत किया था। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने 2004 और 2009 के विधानसभा चुनावों में बड़ी जीत हासिल की थी। केंद्र में यूपीए सरकार के गठन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।

वहीं, भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामा राव ने भी सोनिया गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी के दिल में तेलंगाना के लिए कोई जगह नहीं है।

16 नवंबर को हुआ था किताब का विमोचन

सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ का विमोचन 16 नवंबर को दिल्ली के आईटीसी मौर्य होटल में किया गया था। किताब 10 नवंबर से बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध बताई गई है। इसके प्रकाशित होने के बाद से ही राजनीतिक दलों की ओर से इसकी सामग्री को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

अब किताब को लेकर महाराष्ट्र में शुरू हुआ विवाद बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़े जाने और संजय राउत की तीखी टिप्पणी के बाद एक नया राजनीतिक मोड़ ले चुका है।

सनातन धर्म, जिसका न कोई आदि है और न ही अंत है, ऐसे मे वैदिक ज्ञान के अतुल्य भंडार को जन-जन पहुंचाने के लिए धन बल व जन बल की आवश्यकता होती है, चूंकि हम किसी प्रकार के कॉरपोरेट व सरकार के दबाव या सहयोग से मुक्त हैं, ऐसे में आवश्यक है कि आप सब के छोटे-छोटे सहयोग के जरिये हम इस साहसी व पुनीत कार्य को मूर्त रूप दे सकें। सनातन जन डॉट कॉम में आर्थिक सहयोग करके सनातन धर्म के प्रसार में सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here