Advertisement
Home Local News प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटल जन्मशताब्दी पर प्रेरणास्थल राष्ट्र को किया समर्पित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटल जन्मशताब्दी पर प्रेरणास्थल राष्ट्र को किया समर्पित

0
252

लखनऊ। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी के अवसर पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में नवनिर्मित भव्य ‘प्रेरणास्थल’ को राष्ट्र को समर्पित किया। यह प्रेरणास्थल भारतीय राजनीति और राष्ट्रवाद के तीन महान स्तंभों—अटल बिहारी वाजपेयी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी—की स्मृति और विचारधारा को समर्पित है। प्रधानमंत्री ने इसे “राष्ट्र निर्माण की विचारधारा को जीवंत रखने वाला प्रेरणा केंद्र” बताया।

करीब 65 एकड़ में फैले इस विशाल परिसर में तीनों महापुरुषों की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इसके साथ ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त म्यूजियम और लाइब्रेरी का निर्माण किया गया है, जहां इन महान नेताओं के जीवन, विचार, भाषणों और योगदान को डिजिटल व भौतिक स्वरूप में संजोया गया है। यह स्थल आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, त्याग और विचारों की राजनीति से जोड़ने का कार्य करेगा।

Advertisment

समर्पण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की आत्मा थे। उन्होंने देश को राजनीतिक स्थिरता, सुशासन और वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य किया। प्रधानमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र की एकता व अखंडता के लिए किए गए संघर्ष को भी विस्तार से याद किया। उन्होंने कहा कि इन तीनों महापुरुषों की विचारधारा आज भी भारत के विकास पथ का मार्गदर्शन कर रही है।

इस ऐतिहासिक अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रेरणास्थल लखनऊ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का केंद्र बनेगा और राष्ट्रवादी विचारधारा को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नीरज सिंह, उत्तर विधानसभा के विधायक डॉ. नीरज बोरा, नगर निगम के पार्षदों सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर आसपास के जिलों से भी भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। आयोजकों के अनुसार, इस ऐतिहासिक रैली और कार्यक्रम में दो लाख से अधिक लोग शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और जनसमर्थन का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज का भारत उन्हीं मूल्यों पर आगे बढ़ रहा है, जिनकी नींव अटल जी, दीनदयाल जी और मुखर्जी जी ने रखी थी। उन्होंने कहा कि यह प्रेरणास्थल केवल स्मारक नहीं, बल्कि एक विचार-केन्द्र (थिंक सेंटर) के रूप में भी कार्य करेगा, जहां से राष्ट्र सेवा की नई सोच विकसित होगी।

इस अवसर पर उत्तर मंडल-5 भाजपा महानगर की ओर से भी संगठित उपस्थिति दर्ज की गई। मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी के नेतृत्व में मंडल महामंत्री सी.के. वर्मा, पार्षद सौरभ तिवारी, दाताराम शुक्ला, पूनम राय, राजीव मिश्रा, धनराज मिश्रा, सनी दीक्षित, विशाल रावत, दिव्यांशी शुक्ला, मीरा पांडे, जया पांडेय, प्रभाकर, तथा ओमप्रकाश तिवारी (मीडिया प्रभारी) सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर प्रधानमंत्री ने प्रेरणास्थल परिसर का भ्रमण किया और म्यूजियम व लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह स्थल देशवासियों को यह स्मरण कराता रहेगा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज का उत्थान है।

समर्पण समारोह के साथ ही लखनऊ ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजनीति के इतिहास में स्वयं को केंद्र में स्थापित कर लिया। प्रेरणास्थल आने वाले समय में न केवल पर्यटन का केंद्र बनेगा, बल्कि युवाओं, शोधकर्ताओं और राष्ट्रवादी विचारों से प्रेरित नागरिकों के लिए एक स्थायी प्रेरणा स्रोत सिद्ध होगा।

सनातन धर्म, जिसका न कोई आदि है और न ही अंत है, ऐसे मे वैदिक ज्ञान के अतुल्य भंडार को जन-जन पहुंचाने के लिए धन बल व जन बल की आवश्यकता होती है, चूंकि हम किसी प्रकार के कॉरपोरेट व सरकार के दबाव या सहयोग से मुक्त हैं, ऐसे में आवश्यक है कि आप सब के छोटे-छोटे सहयोग के जरिये हम इस साहसी व पुनीत कार्य को मूर्त रूप दे सकें। सनातन जन डॉट कॉम में आर्थिक सहयोग करके सनातन धर्म के प्रसार में सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here