सनातनजन संवाददाता, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के 6 अप्रैल को होने वाले स्थापना दिवस के सफल आयोजन को लेकर उत्तर मंडल-5 की तरफ से एक महत्वपूर्ण बैठक अपराह्न 3.30 बजे कैम्प कार्यालय, इंजीनियरिंग कालेज चैराहा पर आहूत की गयी है। बैठक में मंडल-5 के पदाधिकारियों को बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए बुलाया गया है।
मीडिया प्रभारी ओपी तिवारी ने बताया कि वरिष्ठ भाजपा नेता नीरज सिंह व नगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी द्वारा निर्देशित इस बैठक में कल के कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा होगी। बैठक की अध्यक्षता उत्तर मंडल 5 के मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी करेंगे। 6 अप्रैल को मंडल के सभी बूथो पर ध्वजारोहण, पार्टी के संस्थापकों एवं महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण तथा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। बैठक में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां भी सौंपी जायेंगी और सभी से आग्रह किया जायेगा कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। साथ ही जनसंपर्क अभियान चलाकर आम जनता को भी इस आयोजन से जोड़ने पर जोर दिया गया। संजय तिवारी ने बताया कि स्थापना दिवस पार्टी के लिए गौरव का दिन है, जिसे पूरे उत्साह और समर्पण के साथ मनाना हम सभी का दायित्व है।










