वॉशिंगटन। ईरान के साथ संघर्ष के दौरान बड़ी मात्रा में हथियारों और गोला-बारूद के इस्तेमाल के बाद अमेरिका अपने सैन्य भंडार को लेकर दबाव में है। अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने रक्षा कंपनियों से हथियारों के उत्पादन और आपूर्ति की गति बढ़ाने को कहा है, ताकि संघर्ष के दौरान इस्तेमाल किए गए महत्वपूर्ण हथियारों के भंडार को जल्द से जल्द दोबारा तैयार किया जा सके।
द वॉशिंगटन पोस्ट के हाथ लगे एक ज्ञापन के अनुसार, पेंटागन ने रक्षा उद्योग की प्रमुख कंपनियों से उत्पादन क्षमता बढ़ाने और हथियारों की आपूर्ति में तेजी लाने की योजना मांगी है। अमेरिकी रक्षा विभाग की ओर से रक्षा उद्योग के प्रमुखों को इस संबंध में पत्र भेजा गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के साथ संघर्ष के दौरान थाड और पैट्रियट जैसे महत्वपूर्ण वायु रक्षा इंटरसेप्टर का इस्तेमाल बढ़ा है। इसके चलते इन मिसाइलों का अमेरिकी भंडार युद्ध से पहले के स्तर की तुलना में काफी कम हो गया है। अमेरिकी सेना के सामने अब इन हथियारों की भरपाई की चुनौती है।
अमेरिकी उप रक्षा मंत्री स्टीव फीनबर्ग ने रक्षा उद्योग के नेताओं को भेजे पत्र में कंपनियों को 21 दिनों के भीतर महत्वपूर्ण सैन्य क्षमताओं के लिए अधिक तेज और आक्रामक आपूर्ति कार्यक्रम अथवा उत्पादन बढ़ाने की योजना प्रस्तुत करने को कहा है।
टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों को लेकर भी अमेरिका के सामने चुनौती बनी हुई है। संघर्ष के दौरान इस्तेमाल किए गए टॉमहॉक मिसाइलों के भंडार को फिर से भरने में लंबा समय लग सकता है। रक्षा कंपनियों से उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ मौजूदा ऑर्डर की आपूर्ति में तेजी लाने की अपेक्षा की जा रही है।
अमेरिकी रक्षा विभाग की यह पहल ऐसे समय में सामने आई है जब वाशिंगटन अपनी सैन्य तैयारियों को मजबूत करने और भविष्य के संभावित संघर्षों के लिए पर्याप्त हथियार भंडार सुनिश्चित करने पर जोर दे रहा है। ईरान के साथ संघर्ष में हथियारों के बड़े पैमाने पर इस्तेमाल ने अमेरिकी रक्षा उत्पादन क्षमता और आपूर्ति श्रृंखला पर दबाव को भी उजागर किया है।
अमेरिका में हथियारों का उत्पादन बढ़ाने की तैयारी
- हथियारों का उत्पादन तेज: ईरान के साथ संघर्ष के बाद अमेरिकी हथियार भंडार पर दबाव बढ़ा है। पेंटागन ने रक्षा कंपनियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
- थाड-पैट्रियट पर जोर: थाड और पैट्रियट जैसी वायु रक्षा मिसाइलों का भंडार युद्ध-पूर्व स्तर से काफी नीचे पहुंचने की बात सामने आई है।
21 दिन की समयसीमा: रक्षा कंपनियों से तेज आपूर्ति और उत्पादन बढ़ाने की योजना 21 दिनों के भीतर देने को कहा गया है। - टॉमहॉक की भरपाई चुनौती: टॉमहॉक मिसाइलों के इस्तेमाल के बाद इनके भंडार को दोबारा भरने में लंबा समय लग सकता है।
- रक्षा उद्योग पर दबाव: अमेरिका अपनी सैन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए रक्षा कंपनियों से उत्पादन क्षमता बढ़ाने और आपूर्ति में तेजी लाने पर जोर दे रहा है।










