नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मुलाकात करेंगे। पदक विजेता खिलाड़ियों को लेकर बस प्रधानमंत्री आवास पहुंच चुकी है। मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन और भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने प्रधानमंत्री से मुलाकात को लेकर उत्साह जताया है।
ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने कुल 39 पदक अपने नाम किए। भारतीय खिलाड़ियों ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक जीते और पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहे।
भारत के प्रदर्शन में मुक्केबाजी सबसे बड़ा पदक दिलाने वाला खेल रहा। भारतीय मुक्केबाजों ने सात स्वर्ण और तीन रजत समेत कुल 10 पदक जीते। एथलेटिक्स में भी भारतीय खिलाड़ियों ने 10 पदक हासिल किए, हालांकि इस खेल में भारत को स्वर्ण पदक नहीं मिला।
भारोत्तोलन में भारत को आठ, पैरा एथलेटिक्स में छह, जूडो में चार और पैरा पावरलिफ्टिंग में एक पदक मिला। इस तरह भारत के 39 पदकों में से 37 पदक इन पांच खेलों से आए।
प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाते रहे हैं। राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल के प्रदर्शन की प्रधानमंत्री ने सराहना भी की थी और खिलाड़ियों के परिश्रम, समर्पण तथा खेल भावना को देश के लिए प्रेरणादायी बताया था।










