सनातनजन संवाददाता, लखनऊ। महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी द्वारा विरोध करने पर उत्तर मंडल पांच की महिलाओं ने बिन्दु श्रीवास्तव के संयोजन में कड़ा विरोध किया और नारी शक्ति वंदन जन आक्रोश रैली असेम्बल किचन से प्रारम्भ हुई।
रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता और समर्थन व्यक्त किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि महिला आरक्षण महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन कांग्रेस और सपा द्वारा इसका विरोध करना उनके ‘‘महिला विरोधी मानसिकता’’ को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने हमेशा महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी की है। रैली के दौरान महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए महिला आरक्षण के समर्थन में आवाज बुलंद की और विरोध करने वाले दलों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि अब देश की महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग हैं और किसी भी प्रकार के भेदभाव को स्वीकार नहीं करेंगी। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी, मंडल महामंत्री अक्षय मिश्रा, मंडल महामंत्री चन्द्रकिशोर वर्मा व बड़ी संख्या में मातृ शक्तियां मौजूद रहीं।










